Jharkhand: Dumka 15 august झारखंड की उपराजधानी दुमका में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने झारखंड के समग्र विकास की दिशा में सरकार के प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य के विकास की यात्रा में सभी वर्गों, विशेषकर वंचित समुदायों को साथ लेकर चलना सरकार का प्राथमिक लक्ष्य है।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि झारखंड सरकार राज्य के हर नागरिक को विकास की धारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के सहयोग से सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम है, और विकास के साथ-साथ लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है, और झारखंड भी शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, और खेल के क्षेत्रों में बेहतरी की दिशा में अग्रसर है।
यहां हमारे व्हाट्सएप चैनल से जुड़ें
राज्यपाल ने अपने संबोधन में हाल ही में लागू किए गए तीन नए कानूनों का जिक्र किया और कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए सशक्त कानून व्यवस्था का होना अनिवार्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुराने ब्रिटिश कानूनों को हटाकर तीन नए कानूनों के लागू होने को कानून व्यवस्था में एक ऐतिहासिक कदम बताया, जिसका उद्देश्य दोषियों को सजा दिलाने और पीड़ितों को न्याय प्रदान करना है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल देते हुए राज्यपाल ने झारखंड मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना का उल्लेख किया। इस योजना के तहत 21 से 50 वर्ष की आयु की महिलाओं को प्रति माह 1 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, और आर्थिक पिछड़ेपन को दूर करना है।
समारोह के दौरान, राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित करते हुए चादर ओढ़ाई और जिले में बेहतर कार्य करने वाले सरकारी अधिकारियों और कर्मियों को भी सम्मानित किया। उन्होंने प्रशासन को चुस्त, दुरुस्त, संवेदनशील और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और सभी के चेहरे पर मुस्कान आ सके। राज्यपाल ने कहा कि यही हमारे लोकतंत्र का ध्येय है, और हमें संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप आचरण करना चाहिए।