वरिष्ठ कवि जनेश्वर तिवारी ‘अनुभवी’ की नई काव्य कृति का विमोचन

गाजियाबाद, 1 मार्च 2026। गगन इन्कलेब मंदिर प्रांगण में रविवार को वरिष्ठ कवि श्री जनेश्वर तिवारी ‘अनुभवी’ की नवीनतम काव्य कृति ‘अनुभूतियों के स्वर’ का लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्य जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

समारोह का संचालन साहित्य प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री राजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में गौतमबुद्धनगर वृत एवं मुरादाबाद अनुमंडल के उप महानिरीक्षक (निबंधन) श्री अरुण कुमार मिश्र उपस्थित रहे।

पुस्तक पर अपने विचार व्यक्त करते हुए वरिष्ठ समालोचक श्री महावीर सिंह वर्मा ने कहा कि कृति में संकलित रचनाएं वर्तमान समाज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति प्रदान करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि कवि ने अपनी पंक्तियों में जीवन मूल्यों और सद्ज्ञान को सहज शैली में प्रस्तुत किया है, जो पाठकों के अंतर्मन को स्पर्श करता है।

वक्ता श्री योगेश त्यागी ने कहा कि ‘अनुभवी’ की रचनाओं में आध्यात्मिक चिंतन की गहरी झलक मिलती है। यह पुस्तक उनके दीर्घ जीवन अनुभव और बौद्धिक परिपक्वता का परिचायक है तथा साहित्य प्रेमियों के लिए संग्रहणीय कृति सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी भी दी गई कि कवि श्री जनेश्वर तिवारी का कार्यक्षेत्र लखनऊ रहा है और वर्तमान में वे अपने ज्येष्ठ पुत्र डॉ. राजीव तिवारी के साथ रहकर स्वास्थ्य उपचार प्राप्त कर रहे हैं।

आयोजक एडवोकेट पवित्र मोहन शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version