देश की Parliament में कितने युवा, कितने बुजुर्ग नेता: जाने पार्टीवार विवरण

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने Parliament में एक महत्वपूर्ण मांग उठाई है। उन्होंने तर्क दिया कि भारत में चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र 25 साल से घटाकर 21 साल कर देनी चाहिए। उनका कहना है कि वर्तमान में भारत की औसत उम्र केवल 29 साल है और देश की 65 फीसदी आबादी 35 साल से कम उम्र की है। लगभग 50 प्रतिशत लोग 25 साल से कम आयु के हैं। चड्ढा ने बताया कि पहली बार लोकसभा चुनाव में चुने गए करीब 26 फीसदी सदस्यों की उम्र 40 साल से कम थी, जबकि 17वीं लोकसभा में यह संख्या केवल 12 फीसदी थी।

18 साल की उम्र में चुनते सरकार, 21 साल में लड़ें चुनाव

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। जब युवा 18 साल की उम्र में वोट देकर सरकार चुन सकते हैं, तो 21 साल की उम्र में चुनाव लड़ने के योग्य क्यों नहीं हो सकते? उन्होंने तर्क दिया कि युवाओं को भी राजनीतिक भागीदारी का पूरा मौका मिलना चाहिए।

18वीं लोकसभा के सदस्यों की औसत उम्र

इस साल के चुनावों के बाद 18वीं लोकसभा के सदस्यों की औसत उम्र 56 साल है। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के अनुसार, 17वीं लोकसभा में सदस्यों की औसत उम्र 59 साल थी। इस बार लोकसभा में 11 फीसदी सांसद 40 साल या इससे कम उम्र के हैं। करीब 52 फीसदी सांसद 55 साल से अधिक उम्र के हैं, जबकि सबसे बुजुर्ग सांसद की उम्र 82 साल है।

पार्टियों में युवा और बुजुर्ग सांसदों की संख्या

भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुने गए सदस्यों में 25 से 35 साल की उम्र के चार युवा हैं। कांग्रेस के टिकट पर चुने गए सांसदों में 25 से 35 साल की उम्र के छह युवा हैं। सपा के टिकट पर चार युवा सांसद चुने गए हैं।

18वीं लोकसभा के सबसे युवा सांसद

यूपी की कौशांबी लोकसभा सीट से चुने गए पुष्पेंद्र सरोज इस बार सबसे कम उम्र के सांसद हैं। उनकी उम्र 25 साल है। मछलीशहर लोकसभा सीट से जीतीं प्रिया सरोज और समस्तीपुर से सांसद बनीं शांभवी चौधरी की उम्र भी 25 साल है। भरतपुर लोकसभा सीट से 26 साल की संजना जाटव, कर्नाटक की बीदर लोकसभा सीट से 26 साल के सागर ईश्वर खांद्रे, और चिकोडी लोकसभा सीट से 27 साल की प्रियंका सतीश जारकीहोली संसद पहुंची हैं। कैराना लोकसभा सीट से सपा की टिकट पर जीतीं इकरा हसन की उम्र 29 साल है. भाजपा के बहुचर्चित नेता ब्रजभूषण शरण सिंह के 33 वर्षीय बेटे करण भूषण सिंह यूपी के कैसरगंज से सांसद बने हैं. बेंगलुरु दक्षिण लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर 33 साल के तेजस्वी सूर्या ने लोकसभा चुनाव जीता है. यूपी की बदायूं लोकसभा सीट से जीते सपा के आदित्य यादव की उम्र 35 वर्ष है.

18वीं लोकसभा के सबसे उम्रदराज सांसद

द्रविड़ मुनेत्र कडगम पार्टी के 82 वर्षीय टीआर बालू 18वीं लोकसभा के सबसे उम्रदराज सांसद हैं। उन्होंने श्रीपेरंबुदूर सीट से सातवीं बार लोकसभा चुनाव जीता है।

राघव चड्ढा की इस मांग के बाद देश में राजनीतिक भागीदारी को लेकर नई बहस छिड़ गई है। अब देखना यह है कि सरकार इस मांग पर क्या कदम उठाती है।

Share This Article
Exit mobile version