Indore: मोबाइल चलाने पर मां और बहन ने की पिटाई तो 13 साल के बच्चे ने पुलिस थाने में की शिकायत दर्ज

Indore: सिमरोल थाना क्षेत्र के कनाड़-दतौदा में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक 13 साल के नाबालिग बच्चे ने अपनी मां और बहन के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। बच्चे का आरोप है कि उसने स्कूल असाइनमेंट देखने के लिए अपनी मां का मोबाइल उठाया, तो मां और बहन ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद नाबालिग ने अपने दादा के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

नाबालिग ने पुलिस को बताया कि वह 7वीं कक्षा का छात्र है और अपनी छोटी बहन के साथ दादा के पास कनाड़ में रहता है, जबकि उसकी मां और बड़ी बहन लालघाटी-दतौदा में रहती हैं। शनिवार को स्कूल की छुट्टियों के कारण वह अपनी बहन के साथ मां के पास दतौदा आया था।

बच्चे के अनुसार, उसके स्कूल के मैसेज मां के मोबाइल पर आते हैं, इसलिए जब उसने असाइनमेंट देखने के लिए मां का मोबाइल उठाया, तो मां ने उसे बिना किसी कारण पीटना शुरू कर दिया। जब छोटी बहन बीच-बचाव के लिए आई, तो मां और बड़ी बहन ने उसे भी पीट दिया। इस घटना से बच्चे को चोटें आई हैं।

बच्चे का कहना है कि मां ने बिना किसी बात के गुस्से में आकर उसे पीटा और पास में पड़ा दरांता उठाकर मारने की कोशिश की।

इस मामले में सिमरोल पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर मां और बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के पीछे क्या कारण हो सकते हैं और मामला कितनी गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें Hindi States पर। सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट hindistates.com पर पढ़ें बॉलीवुड, लाइफस्टाइल, न्यूज़ और खेल जगत, से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरें

Scroll to Top