Haryana: चरखी दादरी में दो साल पहले जेल से छूटे युवक की गोली मारकर हत्या, रक्षाबंधन के दिन बहन को मिला खून से लथपथ शव

Haryana: चरखी दादरी के गांव अचीना में रक्षाबंधन के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो साल पहले जेल से छूटे 43 वर्षीय बुधराम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की यह वारदात गांव के खेतों में बने एक कमरे में अंजाम दी गई। मृतक बुधराम अपनी चाची की हत्या के मामले में जेल में सजा काट चुका था और दो साल पहले ही रिहा हुआ था।

रक्षाबंधन के दिन सोमवार को जब बुधराम की बहन उसे राखी बांधने खेतों में बने कमरे में पहुंची, तो उसने अपने भाई को खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा पाया। यह देख वह सन्न रह गई और तुरंत इसकी सूचना अपने परिजनों और पुलिस को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से दो खोल और तीन कारतूस बरामद किए। जांच में पता चला कि बुधराम को उसके कान के पास गोली मारी गई थी। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई महेंद्र की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महेंद्र ने बताया कि बुधराम पिछले छह महीने से खेत में बने कमरे में रह रहा था। रक्षाबंधन के दिन जब उनकी बहन ने बुधराम को फोन किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद वह खुद उसे बुलाने के लिए कमरे में गई, जहां उसे बुधराम का शव मिला।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी सबूत जुटा लिए हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Exit mobile version