BJP ने यूपी MLC उपचुनाव के लिए घोषित किया प्रत्याशी, किस नेता को मिला टिकट?

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधान परिषद उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया है। भाजपा ने बहोरन लाल मौर्य को विधान परिषद की एक सीट के उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। यह सीट समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए पार्टी और एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया था। उत्तर प्रदेश विधान परिषद उपचुनाव के लिए मतदान 12 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, और वोटों की गिनती शाम 5 बजे शुरू होगी।

सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी इस उपचुनाव में पीछे हटती दिख रही है और संभवतः अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी। हालांकि, इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है और अखिलेश यादव ने भी इस पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है। यह सीट विधानसभा कोटे की है और यहाँ जीत विधायकों की संख्या पर निर्भर करेगी। विधानसभा में बीजेपी की संख्या अधिक होने के कारण, उनकी जीत तय मानी जा रही है। समाजवादी पार्टी हार सुनिश्चित होने पर दांव नहीं लगाना चाहती।

क्या है यूपी विधानसभा में विधायकों की संख्या

उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं, जिनमें से 283 सीटें एनडीए के पास हैं। इनमें बीजेपी की 251 सीटें, अपना दल (एस) की 13 सीटें, रालोद की 9 सीटें, सुभासपा की 6 सीटें और निषाद पार्टी की 5 सीटें शामिल हैं। वहीं, विपक्षी दलों में समाजवादी पार्टी के पास 105 सीटें और कांग्रेस के पास 2 सीटें हैं। इसके अतिरिक्त, राजा भैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के पास 2 सीटें और बसपा के पास 1 सीट है।

Exit mobile version